लखनऊ, 24 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था की निगरानी अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने के लिए प्रदेश के सभी थानों की सीसीटीवी फुटेज की सतत निगरानी के लिए एक ‘सेंट्रल डैशबोर्ड’ विकसित करने के निर्देश दिये हैं।
राज्य सरकार द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने रविवार को आयोजित एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में उत्तर प्रदेश की पुलिस व्यवस्था को और अधिक आधुनिक, सुरक्षित तथा तकनीक आधारित बनाने के लिए पुलिस रेडियो विभाग को सुदृढ़ करने के निर्देश दिये।
बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी पुलिस थानों की सीसीटीवी फुटेज की सतत निगरानी के लिए एक ‘सेंट्रल डैशबोर्ड’ विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे कानून व्यवस्था की निगरानी अधिक प्रभावी और पारदर्शी होगी।
उन्होंने कहा कि पुलिस की मौजूदगी के स्थल, उसके आवागमन और संचार गतिविधियों की गोपनीयता सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी भी प्रकार की तकनीकी सेंधमारी की संभावना नहीं रहनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि पुलिस रेडियो नेटवर्क को अत्याधुनिक तकनीकों से सशक्त किया जाए तथा दूरस्थ क्षेत्रों तक निर्बाध संचार व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
भाषा सलीम गोला
गोला
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.