scorecardresearch
Friday, 14 November, 2025
होमदेशनीतीश कुमार मंत्रिपरिषद के 29 में से 28 मंत्री जीते, जदयू के मंत्री सुमित कुमार सिंह हारे

नीतीश कुमार मंत्रिपरिषद के 29 में से 28 मंत्री जीते, जदयू के मंत्री सुमित कुमार सिंह हारे

Text Size:

पटना, 14 नवंबर (भाषा) बिहार विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मंत्रिपरिषद के लगभग सभी मंत्रियों ने जीत दर्ज की है।

चुनावी मैदान में उतरे 29 मंत्रियों में से 28 ने जीत दर्ज की, जबकि जनता दल यूनाइटेड (जदयू) कोटे से मंत्री सुमित कुमार सिंह को पराजय का सामना करना पड़ा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की लोकप्रियता को इस व्यापक जीत का प्रमुख कारण माना जा रहा है। कई मंत्रियों की जीत उनके व्यक्तिगत प्रदर्शन से अधिक इस राजनीतिक लहर का नतीजा बताई जा रही है।

पहली बार चुनाव लड़ रहे भाजपा नेता मंगल पांडेय भी विजयी रहे। दोनों उपमुख्यमंत्रियों—सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा—ने भी जीत दर्ज की है। सम्राट चौधरी अभी विधानपरिषद के सदस्य हैं और इस बार उन्हें भाजपा ने तारापुर से उम्मीदवार बनाया था। इसके पूर्व वह दो बार परबत्ता (खगड़िया) से विधायक रह चुके हैं।

मंत्रियों की जीत में 35 वर्षों से लगातार जीत दर्ज कर रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. प्रेम कुमार और जदयू के विजेन्द्र प्रसाद यादव की पुनर्वापसी भी शामिल है। भाजपा के 17 और जदयू के 12 मंत्री चुनाव मैदान में थे, जिनमें से एक को छोड़ सभी जीत गए।

भाजपा के सभी 17 मंत्री– विजयी सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, डॉ. प्रेम कुमार, रेणु देवी, मंगल पांडेय, नीरज कुमार सिंह, नीतीश मिश्रा, नीतीन नवीन, जिवेश कुमार, संजय सरावगी, कृष्णनंदन पासवान, केदार प्रसाद गुप्ता, सुरेंद्र मेहता, डॉ. सुनील कुमार, राजू कुमार सिंह, विजय मंडल और कृष्ण कुमार मंटू विजयी हुए।

जदयू के 12 मंत्रियों में 11 –विजय कुमार चौधरी, बिजेन्द्र प्रसाद यादव, श्रवण कुमार, लेशी सिंह, मदन सहनी, महेश्वर हजारी, शीला कुमारी, सुनील कुमार, जयंत राज, मोहम्मद जमाखान और रत्नेश सदा विजयी रहे। केवल मंत्री सुमित कुमार सिंह को पराजय का सामना करना पड़ा।

भाषा कैलाश

राजकुमार

राजकुमार

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments