scorecardresearch
Saturday, 29 November, 2025
होमदेशहरियाणा: गीता जयंती महोत्सव में सप्ताहांत में ब्रह्म सरोवर पर उमड़ी भारी भीड़

हरियाणा: गीता जयंती महोत्सव में सप्ताहांत में ब्रह्म सरोवर पर उमड़ी भारी भीड़

Text Size:

कुरुक्षेत्र, 29 नवंबर (भाषा) अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव में शनिवार को स्कूली बच्चों के समूहों सहित हजारों पर्यटक ब्रह्म सरोवर पर जुटे। इस वर्ष गीता जयंती महोत्सव में अब तक की सबसे अधिक भीड़ रही।

हरियाणा के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों से भी परिवार, छात्र, श्रद्धालु और पर्यटक बड़ी संख्या में पहुंचे। पंद्रह नवंबर से शुरू हुए तीन सप्ताह के महोत्सव में शनिवार को सप्ताहांत होने के कारण अब तक की सबसे अधिक भीड़ देखी गई।

ब्रह्म सरोवर का पानी शीतल सर्दियों की धूप को अपने में प्रतिबिंबित कर रहा था, जबकि घाटों पर संगीत और मंत्रोच्चारण से भरा जीवंत माहौल दिखाई दे रहा था।

सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले कई स्कूली बच्चों के लिए यह कार्यक्रम भगवद् गीता जैसे धार्मिक ग्रंथ से परिचित होने का अवसर भी प्रदान कर रहा था।

बच्चों के साथ आए शिक्षकों ने बताया कि यह महोत्सव अब “सांस्कृतिक गौरव और नैतिक शिक्षा को सहेजने” का वार्षिक मंच बन गया है।

एक स्कूल समन्वयक ने कहा, ‘‘गीता कर्तव्य, साहस और संतुलन की शिक्षा देती है। युवा मन के लिए ये मूल्य आवश्यक हैं और इन्हें कला के माध्यम से प्रस्तुत करना सीखने को अविस्मरणीय बनाता है।’’

हरियाणा के सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा आयोजित राज्यस्तरीय प्रदर्शनी ने भी लोगों को आकर्षित किया। हरियाणा की सांस्कृतिक जड़ों को उसकी विकासात्मक आकांक्षाओं से जोड़ने वाले विरासत मॉडल और वृत्तचित्र देखने के लिए पर्यटकों की लंबी कतारें लगी रहीं।

अधिकारियों ने कहा, ‘‘स्थानीय विक्रेताओं, कलाकारों और सांस्कृतिक संगठनों के लिए यह महोत्सव केवल एक आयोजन नहीं है, बल्कि यह पहचान का उत्सव है। छात्रों के लिए यह खुले आसमान के नीचे एक कक्षा है और श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक घर वापसी का अनुभव।’’

भाषा

खारी सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments