पटना, 14 नवंबर (भाषा) राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने शुक्रवार को बिहार विधानसभा चुनाव में अप्रत्याशित प्रदर्शन करते हुए अपने अब तक के सर्वश्रेष्ठ नतीजों में से एक दर्ज किया और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन को करारी हार दी।
राजग की इस ऐतिहासिक जीत को ‘ब्रैंड मोदी नीतीश’ के रूप में देखा जा रहा है।
इसके उलट, विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन 34 सीट पर सिमट गया।
चुनाव परिणामों में राजग की जीत का फैलाव ऐसा था कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी बिहार का चुनावी नक्शा हल्के हरे, केसरिया, जामुनी, नेवी ब्लू और सेरुलेन ब्लू रंगों से लगभग भर गया, जबकि ‘इंडिया’ गठबंधन के रंग सिर्फ छिटपुट रूप में दिखाई दिए।
चुनाव नतीजों ने संकेत दिया कि मतदाताओं का भरोसा अब भी ‘ब्रैंड नीतीश’ पर कायम है। 2005 से अब तक विभिन्न चुनावों में किए गए वादों को पूरा करने का उनका रिकॉर्ड जनता के विश्वास का केंद्र रहा। राज्य में 2010, 2015 और 2020 के चुनावों में ग्रामीण अवसंरचना, बिजली, शिक्षा, रोजगार और महिलाओं के सशक्तीकरण को लेकर किए गए वादों को उन्होंने पूरा किया, जिससे उनका जनाधार मजबूत हुआ।
कुमार ने 2025 के चुनाव में एक करोड़ रोजगार देने का वादा किया, जिसे जनता ने राजद नेता तेजस्वी यादव के प्रति परिवार में सरकारी नौकरी देने के वादे की तुलना में अधिक विश्वसनीय माना।
नीतीश कुमार द्वारा महिलाओं के उत्थान को लक्षित कर लागू की गई नीतियों—पंचायती राज में 50 प्रतिशत आरक्षण, छात्राओं को साइकिल, वर्दी, छात्रवृत्ति, 35 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, जीविका समूह—ने उन्हें वर्षों में एक ठोस महिला वोट बैंक दिया।
इस वर्ष लागू की गई योजना के तहत प्रति परिवार एक महिला को 10,000 रुपए की सहायता और बेहतर प्रदर्शन पर दो लाख रुपए की अतिरिक्त मदद ने भी निर्णायक प्रभाव डाला। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 75 लाख महिलाओं के खातों में डिजिटल तरीके से राशि अंतरित के बाद यह संख्या चुनाव तक 1.4 करोड़ तक पहुंच गई।
प्रधानमंत्री मोदी अपने चुनावी सभा में भी हमेशा कहते थे, ‘‘ मोदी नीतीश की जोड़ी सारे वायदे पूरे करेगी और बिहार को विकसित बनायेगी।’
इस चुनाव में 71.8 प्रतिशत महिलाओं ने मतदान किया, जो पुरुषों के 62.9 प्रतिशत के मुकाबले 8.9 प्रतिशत अधिक है—स्वतंत्रता के बाद अब तक का सबसे बड़ा अंतर।
सीमांचल जैसे अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्रों में भी महिलाओं का रिकॉर्ड मतदान—जैसे किशनगंज में महिलाओं का 88.57 प्रतिशत मतदान—राजग को व्यापक बढ़त दिलाने में सहायक रहा।
भाषा कैलाश
राजकुमार
राजकुमार
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
