scorecardresearch
Sunday, 29 September, 2024
होमदेशसरकारी अधिकारी की शिकायत के मामले में व्यापमं घोटाले का व्हिसलब्लोअर दिल्ली से गिरफ्तार

सरकारी अधिकारी की शिकायत के मामले में व्यापमं घोटाले का व्हिसलब्लोअर दिल्ली से गिरफ्तार

Text Size:

भोपाल, आठ अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश पुलिस ने व्यापमं घोटाले के व्हिसलब्लोअर डॉ. आनंद राय को मुख्यमंत्री सचिवालय में पदस्थ एक अधिकारी द्वारा दी गई शिकायत के सिलसिले में शुक्रवार तड़के दिल्ली से गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने इस आशय की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री सचिवालय के उप सचिव लक्ष्मण सिंह मरकाम ने 25 मार्च को आयोजित मध्यप्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी)-2022 का एक प्रश्नपत्र कथित रूप से लीक होने के विवाद में उनका नाम घसीटने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए राय और प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता के. के. मिश्रा के खिलाफ पिछले महीने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।

उक्त परीक्षा मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा आयोजित की गई थी, जिसे पहले व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) के रूप में जाना जाता था। लीक हुए प्रश्न-सह-उत्तरपुस्तिका का एक कथित स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें किसी लक्ष्मण सिंह का नाम लिखा हुआ देखा जा सकता था।

भोपाल पुलिस की अपराध शाखा के सहायक पुलिस आयुक्त शिवपाल सिंह कुशवाहा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘राय को बृहस्पतिवार आधी रात के तुरंत बाद दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है।’’ उन्होंने बताया कि राय को भोपाल लाया जा रहा है।

राय के करीबी सूत्रों ने बताया कि मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय ने राय द्वारा उनके खिलाफ दर्ज प्राथमिकी रद्द करने का अनुरोध करने वाली याचिका बृहस्पतिवार को खारिज कर दी। राय अदालत के इस फैसले को उच्चतम न्यायालय में चुनौती देने के उद्देश्य से दिल्ली गए थे।

अपनी शिकायत में मरकाम ने राय और मिश्रा पर उनकी (मरकाम) छवि खराब करने का आरोप लगाया है।

मध्यप्रदेश के विभिन्न विभागों में भर्तियों और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए होने वाली परीक्षाओं में धांधली को लेकर व्यापमं सुर्खियों में रहा है। व्यापमं में घोटाला 2011 में सामने आया था। सीबीआई ने 2015 में उच्चतम न्यायालय के आदेश के बाद इस भर्ती और प्रवेश घोटाले की जांच अपने हाथ में ले ली थी।

भाषा रावत अर्पणा

अर्पणा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments