scorecardresearch
Sunday, 29 September, 2024
होमदेशआर्थिक संकट से जूझ रहे श्रीलंका से चार सदस्यीय परिवार तमिलनाडु पहुंचा

आर्थिक संकट से जूझ रहे श्रीलंका से चार सदस्यीय परिवार तमिलनाडु पहुंचा

Text Size:

रामेश्वरम (तमिलनाडु) आठ अप्रैल (भाषा) आर्थिक संकट में से जूझ रहे श्रीलंका से दो बच्चों समेत चार लोगों का एक परिवार शुक्रवार तड़के यहां पहुंचा।

अधिकारियों ने कहा कि परिवार श्रीलंका के मन्नार से नाव के जरिये रवाना हुआ और शुक्रवार तड़के धनुषकोडी के पास अरिचलमुनाई में उतर गया। समुद्री पुलिस ने उनसे प्रारंभिक पूछताछ की। उन्हें मंडपम शरणार्थी शिविर में रखा जाएगा।

तमिल परिवार ने कहा कि गंभीर आर्थिक संकट के कारण श्रीलंका में रहना बहुत मुश्किल हो गया है और वहां आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में अत्यधिक वृद्धि हुई है। परिवार का एक सदस्य पहले कृष्णागिरी शरणार्थी शिविर में रहा था और गृहयुद्ध समाप्त होने के बाद अपने देश लौट गया था।

इससे पहले एक अन्य घटना में, आर्थिक संकट के मद्देनजर श्रीलंका से भागे 16 लोग समुद्री मार्ग से यात्रा कर यहां उतरे और उन्हें मंडपम शिविर में रखा गया है। श्रीलंका 1948 में ब्रिटेन से स्वतंत्रता प्राप्त करने के बाद से अपने सबसे खराब आर्थिक संकट का सामना कर रहा है।

भारत ने आर्थिक संकट से निपटने के लिए श्रीलंका को हाल में वित्तीय सहायता के रूप में एक अरब डॉलर का ऋण देने की घोषणा की थी। भारतीय उच्चायोग ने बुधवार को कर्ज के तहत कोलंबो में ईंधन के दो और और जहाज भेजने की घोषणा की थी। भारत श्रीलंका को चावल की खेप भी भेज रहा है।

वहीं, मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने बृहस्पतिवार को केंद्र को सूचित किया कि तमिलनाडु तमिलों के कल्याण को ध्यान में रखते हुए चावल एवं जीवन रक्षक दवाइयां जैसी जरूरी चीजें श्रीलंका भेजने के लिए तैयार है एवं उसे वहां भारतीय उच्चायोग के मार्फत उनके वितरण की इजाजत की जरूरत है।

भाषा

जोहेब सिम्मी

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments